इनपुट- शैलेंद्र साहिल, अमित कुमार
पटना. जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के 2 दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार पहुंचने वाले हैं. दरअसल गुरुवार को पीएम मोदी बिहार के मधुबनी जिले का दौरा करेंगे. बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी बिहार की धरती से पहलगाम हमले के दोषी आतंकियों को कड़ा संदेश देंगे. दरअसल पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले एनडीए के नेताओं ने बुधवार को मधुबनी में तैयारियों का जायजा लिया. पीएम मोदी के दौरे से पहले केंद्रीय पंचायती राज्य मंत्री मंत्री ललन सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को निर्धारित समय पर मधुबनी पहुंचेंगे. वहीं पहलगांव हमले को लेकर ललन सिंह ने कहा कि आतंकी घटना कायरतापूर्ण कार्य है. पड़ोसी देश कायरतापूर्ण कार्य कर देश में दहशत फैलना चाहते हैं. लेकिन, पीएम मोदी पाकिस्तान और आतंकियों को जल्द झलक दिखाएंगे. हम सब पीएम मोदी के साथ हैं.
ललन सिंह ने कहा कि पीएम मोदी इस तरह के घटनाओं के लड़ने के लिए सशक्त हैं. पीड़ित परिवार को भगवान इस दुःख से लड़ने की शक्ति दें. पीएम कल निर्धारित समय पर मधुबनी आयेंगे और निर्धारित समय से पहुंचेंगे. हालांकि सभा स्थल पर पीएम मोदी का स्वागत नहीं होगा. फूल माला पट्ट और मोमेंटो का आयोजन नहीं होगा. ढोल बाजा भी नहीं बजेगा. पीएम मोदी साधारण तटीके से बिहार आएंगे और भाषण देंगे. पीएम मोदी पहले खुले जिप पर सीएम नीतीश कुमार के साथ मंच पर आने वाले थे , लेकिन अब हेलीपेड से सीधा मंच पर पीएम मोदी आयेंगे.
सादगी से किया जाएगा पीएम मोदी का कार्यक्रम
इस दौरान संजय झा ने कहा कि पहलगांव की घटना से पूरा देश मर्माहत है. इस घटना से देश में गुस्सा है. सरकार और पीएम जनता एक साथ है. वहीं संजय झा ने कहा कि पीएम मोदी मिथिला की धरती पर आ रहे है , लोगो का उत्साह इससे पहले कभी नहीं देखा है. लोग 5-10 किलोमीटर पैदल आने के लिए तैयार है. 5 बड़े हैंगर बनाए गए हैं. बड़ी संख्या में पंचायती राज से जुड़ी महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल होंगी. बिहार की सबसे बड़ी रैली यहां होने वाली है. डबल इंजन की सरकार से मिथिला का विकास हुआ है. वहीं इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि आतंकी घटना बहुत दुखद है. पड़ोसी देश जिस तरह भारत की सुख शांति को छीनना चाहते है इसका हम विरोध करते हैं. गुरुवार को पीएम मोदी का कार्यक्रम होगा और साधारण तरीके से पंचायती राज दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. सादगी के साथ कार्यक्रम किया जाएगा.
पीएम मोदी के दौरे को लेकर बिहार में अलर्ट
वहीं पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर पूरे राज्य में डीजीपी विनय कुमार ने हाई अलर्ट जारी किया है. डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि पहलगाम की घटना और प्रधानमंत्री की बिहार दौरे को देखते हुए बिहार पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है. नेपाल और बांग्लादेश से सटे सभी सीमावर्ती बॉर्डर पर चौबीसो घंटे पेट्रोलिंग करने का आदेश दिया गया है. SSB के शीर्ष अधिकारियों से भी सीमा पर चौकसी बनाये रखने को लेकर फोन पर बातचीत की है. सीमावर्ती सभी जिले को चौबीसों घंटे निगरानी रखने का आदेश दिया गया है. पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से सभी जिलों पर नजर रखने को लेकर आदेश जारी किया है. सीमावर्ती जिले के SP से वीडियो कांफ्रेंसिंग (VC) के जरिए दो घंटे तक की बातचीत की गयी है. सुरक्षा से जुड़े एक-एक बिंदु पर चर्चा की गयी है.