Bihar Weather Today: प्रचंड गर्मी के लिए हो जाएं तैयार, 40°C पहुंचेगा पारा

Last Updated:
Bihar Temperature Forecast: आज बिहार का मौसम शुष्क ही रहेगा. दिन में आसमान साफ रहने की वजह से तेज धूप महसूस होगी. सूरज की तेज किरणों के कारण तापमान में इजाफा होने की संभावना है.

गर्मी की होगी बढ़ोतरी
हाइलाइट्स
- मार्च में बिहार में तापमान 40°C के पार जा सकता है.
- आसमान साफ रहने से तापमान में वृद्धि होगी.
- पटना का अधिकतम तापमान 34.6°C और न्यूनतम 21.6°C रहेगा.
पटना. मार्च महीने में अब तक मौसम ठीक ठाक बना हुआ था. बारिश होने की वजह से गर्मी का असर कम था लेकिन अब तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने लगी है. दिनभर आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की वजह से लोगों को अब गर्मी का एहसास होने लगा है. चटक धूप की वजह से दोपहर के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है.
पटना स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार मार्च के शेष दिनों में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा. बादलों के न दिखने और सूरज की तेज किरणों के कारण तापमान में लगातार इजाफा होने की संभावना है. अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है. अगर ऐसा होता है, तो बिहार का अधिकतम तापमान जल्द ही 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है.
मौसमी सिस्टम का क्या है अपडेट
वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ माध्यम से ऊपरी क्षोभमंडल स्तर पर एक गर्त के रूप में स्थित है. इसके अतिरिक्त, एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मध्य पाकिस्तान पर स्थित है. दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर केरल तक एक ट्रफ रेखा भी मौजूद है. इन सभी मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से बिहार का मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में बढ़ोतरी हो रही है. इसके अलावा मौसम में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.
आज कैसा रहेगा मौसम
आज यानी 26 मार्च को बिहार का मौसम शुष्क ही रहेगा. दिन में आसमान साफ रहने की वजह से तेज धूप महसूस होगी. मंद मंद पछुआ हवा भी चलेगी. राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 32-38°C के बीच रहने का पूर्वानुमान है. अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों के अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में में 1-3°C क्रमिक वृद्धि होने का पूर्वानुमान है. आज बिहार का अधिकतम तापमान 32°C से 35°C के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 20°C से 22°C के बीच रहने का पूर्वानुमान है.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
जिला | अधिकतम ताप. | न्यूनतम ताप. | AQI |
पटना | 34.6 | 21.6 | 217 |
मुजफ्फरपुर | 33.4 | 23.6 | 149 |
गया | 34.8 | 17.5 | 128 |
पूर्णिया | 33.4 | 18.3 | 191 |
भागलपुर | 33.8 | 18.5 | 99 |
पश्चिम चंपारण | 35 | 17.6 | 127 |
बक्सर | 37.7 | 18.7 | 104 |
डेहरी | 33.4 | 17.5 | 159 |
क्या कहते हैं यह आंकड़े
25 मार्च को दिन में आसमान साफ रहने से अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई. इस दिन बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.7°C बक्सर में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15°C पूसा में दर्ज हुआ.
