बिहार में फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड, पछुआ हवा से बढ़ेगी सर्दी

Agency:News18 Bihar
Last Updated:
Bihar Weather Report: पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार अब दिन में धूप निकलेगी और घने स्तर के कोहरे से थोड़ी राहत मिलेगी लेकिन पछुआ हवा से तापमान में गिरावट होने की संभावना है.

पछुआ हवा फिर से बढ़ाएगी ठंड
पिछले कुछ दिनों से पछुआ हवा की रफ्तार में कमी आने की वजह से भले ही बिहार कोहरे की चपेट में था. लेकिन ठंडी से थोड़ी राहत मिल रही थी. रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होती रही. अब एक बार फिर से पछुआ हवा की रफ्तार तेज होने वाली है. इस वजह से कई जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट होने वाली है. कड़ाके की ठंड में बढ़ोतरी होने की संभावना है.
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार अब दिन में धूप निकलेगी और घने स्तर के कोहरे से थोड़ी राहत मिलेगी लेकिन पछुआ हवा से तापमान में गिरावट होने की संभावना है.
फिर हो रहा है मौसम में बदलाव
वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तर पाकिस्तान में जबकि एक और चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश में बना हुआ है. इस वजह से अब दिन के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है. इसका मतलब यह हुआ कि धूप खिली रहेगी. 25 जनवरी से पछुआ हवा की रफ्तार में बढ़ोतरी होने से रात के तापमान में फिर से कमी देखी जा सकती है.
आज कैसा रहेगा मौसम
आज यानी 24 जनवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर जिलों में घना कुहासा छाया हुआ है. शेष जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया हुआ है. दिन में धूप खिली रहेगी. शाम होते ही हल्की कनकनी का एहसास होगा. 25-27 जनवरी, 2025 के दौरान रात के समय तापमान में 2-3°C की गिरावट की संभावना है. आज से राज्य के अधिकांश भागों में मध्यम से तेज गति की पछुआ हवा चलने का पूर्वानुमान है.आज दिन का अधिकतम तापमान उत्तर बिहार के जिलों में 18°C से 20°C के बीच जबकि दक्षिण बिहार के जिलों में 22°C से 24°C के बीच रहने की संभावना है. रात का न्यूनतम तापमान 10°C से 12°C के बीच रह सकता है.
जिला | अधिकतम ताप | न्यूनतम ताप | AQI |
पटना | 21.2 | 14.7 | 218 |
मुजफ्फरपुर | 17.4 | 13.1 | 230 |
गया | 26.1 | 13.5 | 165 |
पूर्णिया | 16 | 13.1 | 152 |
भागलपुर | 20.5 | 12.7 | 222 |
पश्चिम चंपारण | 16.2 | 13 | 152 |
बक्सर | 22.7 | 13.2 | 139 |
डेहरी | 22.5 | 11.2 | 117 |
क्या कहते हैं यह आंकड़े
23 जनवरी को कई जिलों में धूप देखने को मिली. इस वजह से राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर सहित कई जिलों के दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 26.1°C गया में दर्ज हुआ जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9°C मोतिहारी में दर्ज हुआ.
January 24, 2025, 06:45 IST
