देहरादून: बीते कुछ दिनों से उत्तराखंड का मौसम कुछ अलग ही करवट ले रहा है. जहां जून महीने में गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिलते हैं, वहीं इस बार पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी ने ठंड का अहसास करा दिया है. पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम में ठंडक घुल चुकी है. खासकर चमोली जिले में स्थित पवित्र धाम हेमकुंड साहिब में जून की शुरुआत में ही बर्फ की मोटी चादर बिछना एक असामान्य लेकिन अद्भुत दृश्य बना हुआ है. बीते मंगलवार को यहां तीसरी बार बर्फबारी हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में सर्दी और अधिक तेज हो गई. देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज (बुधवार) को पहाड़ और मैदानी इलाकों में एक बार फिर मौसम बदला नज़र आएगा.
पहाड़ से लेकर मैदान तक फिर बदेलगा मौसम
बीते कुछ दिनों से उत्तराखंड में मानो गर्मी ही महसूस नहीं हो रही है. लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज़ की जा रही है. यहां तक कि पहाड़ और मैदानी क्षेत्रों में ठंडक महसूस हो रही है, मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह की मानें तो आज बुधवार को भी उत्तराखंड के पर्वतीय जिले (उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर) के कई स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. इसके साथ देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर जैसे मैदानी क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश और बिजली चमकने के आसार हैं.
देहरादून में छाए रहेंगे बादल
बीते मंगलवार से ही देहरादून और उसके आस-पास के इलाकों में मौसम बदला नज़र आ रहा है. आलम ये है कि सुबह तेज़ बारिश होने के चलते जून के माह में हल्की ठंडक महसूस हो रही है. आलम ये है कि बुजुर्गों में ठंड का अहसास होने लगा है. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आज (बुधवार) को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. कुछ क्षेत्रों में गर्जन के साथ तेज़ बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, शाम या रात को 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तापमान की बात करें तो अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है.
देहरादून का अधिकतम तापमान 27.6डिग्री सेल्सियस
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.8 सेल्सियस दर्ज किया गया. पंतनगर का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा. नई टिहरी का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बीते दिन देहरादून का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (Dehradun AQI) 53 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है.