Dharmraj Chitragupta Mandir: धार्मिक नगरी उज्जैन में हर कण में शिव वास है. यहां कई ऐसे मंदिर हैं, जिनका विशेष महत्व है. आपने अक्सर मंदिरों में बीमारी से पीड़ित इंसान की जिंदगी या लंबी उम्र का आशीर्वाद मांगते हुए लोगों को देखा-सुना होगा. लेकिन, उज्जैन में एक ऐसा मंदिर है, जहां लोग मृत्यु का आशीर्वाद मांगते हैं. इसके लिए व्यक्ति के नाम का दीया जलाना होता है. मान्यता है कि 24 घंटे के अंदर वह व्यक्ति मोक्ष प्राप्त कर लेता है. उज्जैन के इस प्रसिद्ध मंदिर की महिमा चौंकाने वाली है.
यह मंदिर शिप्रा नदी के रामघाट पर है. इसका नाम धर्मराज और चित्रगुप्त मंदिर है. क्योंकि, यहां दोनों देवता धर्मराज और चित्रगुप्त विराजमान हैं. यह मंदिर काफी प्रसिद्ध है. यहां रोजाना शाम के समय सैकड़ों भक्त दर्शन करने आते हैं. पंडित राकेश जोशी ने बताया, जीव-जंतु अथवा मनुष्य शारीरिक कष्टों के चलते कई बार जीवन और मौत के बीच संघर्ष करते हैं. ऐसी स्थिति में उनकी रक्षा अथवा मोक्ष प्राप्ति के लिए यहां पर पूजा करवाने श्रद्धालु आते हैं. पूजा कराने के बाद 24 घंटों के अंदर परिणाम आ जाते हैं.
इस दीये से देवता होंगे प्रसन्न!
आगे बताया, मंदिर में पूजा अर्चना करने से कई लोगों को स्वास्थ्य लाभ भी पहुंचा है. वहीं, घी का दीपक धर्मराज और चित्रगुप्त को प्रसन्न करता है. पं. राकेश जोशी ने बताया कि यहां घी का दीपक लगाने की मान्यता है. जो व्यक्ति शारीरिक कष्ट झेल रहा है और चाहता है कि या तो वह स्वस्थ हो जाए या उसे मोक्ष मिल जाए, वह यहां घी का दीपक लगाता है. इससे कष्ट दूर होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है. प्रतिदिन यहां हजारों श्रद्धालु आते हैं.
काफी प्राचीन मंदिर
पंडित जोशी के अनुसार, मंदिर के ऊपर से कर्क रेखा गुजरती है, इसलिए भी मंदिर का विशेष महत्व माना गया है. बीते 400 साल से उनके पूर्वज मंदिर में पूजा अर्चना कर रहे हैं. 1702 में भी यहां पर पूजा अर्चना किए जाने के प्रमाण मौजूद हैं. देशभर के श्रद्धालु यहां रोग-दोष की मुक्ति के लिए आते हैं.