रुद्रप्रयाग. उत्तराखंड में चारधाम यात्रा (Chardham Yatra 2025) चल रही है. श्रद्धालुओं को ठगी से बचाने के लिए पुलिस-प्रशासन उन्हें लगातार जागरूक कर रहा है लेकिन फिर भी श्रद्धालु ठगी का शिकार हो रहे हैं. ताजा मामला केदारनाथ धाम की हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर ठगी से जुड़ा है. आंध्र प्रदेश के श्रद्धालुओं के साथ हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर ठगी हुई है. उन्होंने एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से चारधाम यात्रा के लिए बुकिंग की थी. यात्रा पैकेज में केदारनाथ धाम का हेलीकॉप्टर टिकट भी शामिल था लेकिन जब वे यहां पहुंचे, तो उनसे टिकट के लिए अतिरिक्त पैसे मांगे गए. ये रकम देने के बाद भी उन्हें हेलीकॉप्टर का टिकट नहीं मिला. रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं की शिकायत पर केस दर्ज किया है. मामले की जांच जारी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, केदारनाथ यात्रा पर आए आंध्र प्रदेश के रहने वाले पेंटा रत्नाकर ने गुप्तकाशी थाना पुलिस को लिखित में शिकायत दी. उन्होंने बताया कि वह अपने ग्रुप के साथ चारधाम यात्रा पर आए हुए थे. उन्होंने दिल्ली की एक ट्रैवल एजेंसी जिसका नाम सहारा टूर एंड ट्रैवल्स है, के माध्यम से चारधाम यात्रा पैकेज बुक कराया था. इसमें केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर से यात्रा शामिल थी. पैकेज के तहत 15 हजार रुपये प्रति व्यक्ति टिकट का भुगतान किया गया था.
प्रति व्यक्ति मांगे 30 हजार रुपये
रत्नाकर ने बताया कि जब वे गंगोत्री धाम के दर्शन के बाद गुप्तकाशी पहुंचे, तो ट्रैवल एजेंसी से जुड़े लोगों ने उनसे केदारनाथ धाम के हेलीकॉप्टर टिकट के लिए अतिरिक्त 30 हजार रुपये प्रति व्यक्ति की मांग की. मजबूरी में उन्होंने यह रकम भी दे दी. जब अगली सुबह वे लोग केदारनाथ जाने के लिए तैयार हुए, तो उन्हें हेलीकॉप्टर का कोई भी टिकट नहीं दिया गया. एजेंसी के लोग मौके पर नहीं थे और अब उन्होंने उनका फोन उठाना भी बंद कर दिया था. जिसके बाद वे लोग पुलिस के पास पहुंचे और ठगी की सूचना दी.
FIR में इन तीन लोगों के नाम
पेंटा रत्नाकर की शिकायत पर गुप्तकाशी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया. FIR में दिल्ली के रहने वाले मनीष कुमार, आशीष और ओडिशा के रहने वाले पोटनोरू रामाराव का नाम है. वहीं पुलिस ने एक अज्ञात हेलीकॉप्टर सेवा कंपनी के खिलाफ भी केस दर्ज किया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने इस बारे में कहा कि पीड़ितों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. साथ ही इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस एजेंसी ने और भी श्रद्धालुओं को ठगी का शिकार बनाया है.
IRCTC की वेबसाइट से ही बुक करें टिकट
अगर आप भी चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक कर रहे हैं, तो सोशल मीडिया पर हेली टिकट से जुड़े आकर्षक ऑफर देने वाले विज्ञापनों पर क्लिक न करें. IRCTC की ऑफिशियल वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in से ही टिकट बुक करें. इसके अलावा किसी भी वेबसाइट से टिकट बुक न करें. अन्य कोई भी वेबसाइट चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक नहीं कर सकती है.