जोधपुर. भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. बदली हुई परिस्थितियों को देखते हुए जोधपुर जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है. फैसले के तहत पूरी तरह ब्लैक आउट रहेगा.
पुलिस प्रशासन पूरी तरह से ब्लैकआउट का पालन करा रहा है. जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने जानकारी दी. कलेक्टर ने बताया कि एहतियात के तौर पर 8 मई कॉलेज और स्कूलों की छुट्टी रहेगी. ब्लैकआउट की पालना के लिए पुलिस कमिश्नर राजेंद्र सिंह के निर्देशन में अधिकारी तैनात हैं. डीसीपी राजर्षी राज वर्मा और आलोक श्रीवास्तव अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं.
पुलिस की गाड़ियों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है. वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार जयपुर से मॉनीटरिंग कर रहे हैं.
इधर, भीलवाड़ा में बुधवार रात साढ़े 10 बजे से जिले में अचानक सायरन गूंजने लगे. देखते ही देखते जिला एकाएक अंधेरे में डूब गया. गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार किसी भी तरह के हवाई हमले की स्थिति के दौरान उससे निपटने के लिए बरती जाने वाली सतर्कता के तहत आयोजित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का हिस्सा था. पूरा शहर कुछ देर के लिए थम गया. रात को जैसे ही सायरन बजा घरों से लेकर बाजार, धार्मिक स्थलों से लेकर होटलों तक, हर जगह की लाइटें बंद कर दी गईं. स्ट्रीट लाइट बुझा दी गईं. लोग वाहनों की हेडलाइट्स बंद कर अपनी गाड़ियों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थानों पर खड़ा कर शांतिपूर्वक इंतजार करते रहे. मोबाइल की फ्लैशलाइट तक का प्रयोग नहीं किया गया. पर्यटन स्थलों, पेट्रोल पंप, होटल सभी जगहों पर पूरा अंधेरा छा गया. मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर परिषद, विद्युत विभाग, आपदा प्रबंधन दल सहित सभी विभागों ने मिलकर काम किया.
Rajasthan Schools Closed : राजस्थान में इन 3 जिले में स्कूलों की छुट्टी, दो एयरपोर्ट बंद, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
बीकानेर में मिली मिसाइल नुमा चीज
बीकानेर के पूगल थाना क्षेत्र में मिसाइल/बमनुमा चीज मिली. करणीसर भाटियान गांव से दो किमी दूर बरजू गां की तरफ धोरों में चीज मिली. एक किमी एरिया में टुकड़े बिखरे मिले. रेतीले धोरों में दो जगह गहरे गड्ढे हुए. पूगल थानाधिकारी पवन सिंह ने टीम के साथ सर्च अभियान चलाया. पूगल SDM राजेंद्र भींचर और तहसीलदार दिव्या बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे. फिलहाल पूगल पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने अफसरों को सूचना दे दी है. किसी प्रकार से कोई जनहानि नहीं हुई है. पूगल पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है.
श्रीगंगानगर में स्कूलों में छुटियां
श्रीगंगानगर में सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में आगामी आदेशों तक 12वीं तक के स्कूलों में छुटियां रहेंगी. जिला कलेक्टर डॉक्टर मंजू ने आदेश जारी किए. भारत पाक के बीच बढ़ते तनाव के दौरान सुरक्षा को लेकर आदेश जारी किए गए हैं. जैसलमेर, बीकानेर में स्कूलों की छुट्टी होंगी. जैसलमेर जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने आदेश जारी किया.
गंगापुर सिटी कस्बे में ब्लैकआउट का असर
केंद्रीय गृह मंत्रालय की एडवाइजरी के चलते सवाई माधोपुर जिले की गंगापुर सिटी कस्बे में ब्लैकआउट का पूरा-पूरा असर देखने को मिला. रेलवे स्टेशन पर जैसे ही रात्रि के 10:45 बजे पूरा रेलवे स्टेशन का इलाका अंधेरे के आगोश में समा गया. दूर-दूर तक रोशनी की कोई किरण नजर नहीं आई. 15 मिनट तक अंधेरा पूरी तरह से कायम रहा. पुलिस प्रशासन रात्रि को चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा.
चूरू में सायरन बजने के साथ ही बंद होने लगी लाइटें
चूरू में ऑपरेशन ‘अभ्यास’ तहत ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का रात 9 बजे से 9:15 तक आयोजन किया गया. सायरन बजाने के साथ ही घरों और दुकानों की लाइट बंद होने लगीं. सड़क पर दौड़ रहे वाहन भी लाइट बन्द करके रुक गए.