रेगिस्तान में अचानक आए तेज अंधड़ और बारिश ने गर्मी से झुलसते लोगों को बड़ी राहत दी है. तापमान में 4-9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ मौसम ने यू-टर्न ले लिया है. पश्चिम राजस्थान में लगातार दो दिन से तेज अंधड़ और बारिश का दौर जारी रहा है. सोमवार अलसुबह से ही आंधी और अंधड़ के बाद बारिश का दौर शुरू हुआ.
बारिश-आंधी की वजह से महज 12 घंटे में ही तापमान में 4 से 9 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है. दिन का पारा 42.4 से लुढ़क कर 39.6 और रात का पारा 28.6 से घट कर 20.9 डिग्री पहुंच गया है. रविवार को सुबह से ही बादल छाए रहे. सोमवार अलसुबह हुई बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है.
5 दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बाड़मेर सहित आसपास के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर और आसपास के शहरों में मेघगर्जन, मध्यम बारिश के साथ साथ तेज अंधड़ के साथ 40-60 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है.आंधी की रफ्तार 50-60 किमी. प्रति घंटा थी, इसी वजह से पेड़ों को भी ज्यादा नुकसान पहुंचा है. शिव इलाके में सोलर प्लांटों में भी अंधड़ की वजह से नुकसान हुआ है. जिले के मेहलू, सनावड़ा, गुड़ामालानी, धोरीमन्ना, बाछड़ाऊ, नोखड़ा इलाके में तेज अंधड़ के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई. तेज हवाओं से बिजली के पोल व पेड़ धराशायी हो गए है. वही मौसम विभाग ने सोमवार को भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. आगामी पांच दिन तक तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है.