फिरोजपुर (पंजाब): पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को देखते हुए फिरोजपुर छावनी बोर्ड ने रविवार शाम 30 मिनट का ‘ब्लैकआउट’ रिहर्सल किया. अधिकारियों ने बताया कि ‘ब्लैकआउट’ अभ्यास रात नौ बजे से साढ़े नौ बजे तक छावनी क्षेत्र में किया गया. उन्होंने बताया कि रात नौ बजे सायरन बजने के बाद इलाके की सभी लाइट बंद कर दी गईं.
इससे पहले, फिरोजपुर छावनी बोर्ड ने यह अभ्यास करने के संबंध में उपायुक्त दीपशिखा शर्मा को पत्र लिखा था. पत्र में कहा गया था, “आपसे अनुरोध है कि पूर्ण ‘ब्लैकआउट’ को देखते हुए इस अवधि के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें. इस अभ्यास का उद्देश्य युद्ध के खतरे के दौरान ‘ब्लैकआउट’ प्रक्रियाओं को लागू करने की तैयारी और प्रभावशीलता सुनिश्चित करना है. इस अभ्यास को सफल बनाने में आपका समर्थन और सहयोग महत्वपूर्ण है.”