इस्लामाबाद. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत के सख्त एक्शन से पाकिस्तान में खौफ फैला हुआ है. उसे डर है कि भारतीय सेना कभी भी पाकिस्तान पर हमला कर सकती है. यही वजह है कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ खुदा से गुहार लगा रहे हैं कि जंग की नौबत ही ना आए. उन्होंने बुधवार को कहा, “अल्लाह करे भारत से जंग टल जाए क्योंकि वक्त के साथ युद्ध का खतरा बढ़ रहा है.”
ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भले ही दुनिया के अल-अलग देशों ने दोनों पड़ोसियों के बीच तनाव को कम करने की कोशिश की हो, लेकिन भारत के साथ संघर्ष की संभावनाएं समय के साथ बढ़ रही हैं. आसिफ ने यह टिप्पणी संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए उस वक्त की, जब उनसे ताजा सुरक्षा स्थिति के बारे में पूछा गया. उन्होंने कहा, “संघर्ष की संभावनाएं समय के साथ बढ़ रही हैं; वे कम नहीं हो रही हैं. हालांकि कई देश इस स्थिति को टालने की कोशिश कर रहे हैं.”
आसिफ ने यह भी कहा कि अगर पाकिस्तान पर कोई हमला होता है तो वे भारत को उचित जवाब देंगे, लेकिन उन्होंने पाकिस्तानी प्रतिक्रिया के विवरण देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, “अगर भारत द्वारा कोई उल्लंघन होता है, तो हम जवाब देंगे और हमारे जवाब की प्रकृति भारतीय कार्रवाई पर निर्भर करेगी.”
उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारे जवाब पर कोई संदेह नहीं होना चाहिए.” उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि “भारत समझदारी दिखाएगा,” लेकिन यह भी जोड़ा कि जमीन पर कोई सबूत नहीं है क्योंकि तनाव में कोई कमी नहीं आई है.