आगरा:- मलपुरा ड्रॉपिंग जोन में चल रहे वायुसेना के प्रशिक्षण के दौरान सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. एएन-32 विमान से 7000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाने के बाद तेज हवाओं के कारण एक जवान का पैराशूट डिसबैलेंस हो गया और वह निर्धारित स्थान से भटक गया, लेकिन जवान ने सूझबूझ का परिचय देते हुए खतरे को भांपकर खेत में सुरक्षित लैंडिंग कर ली.
तेज हवाओं ने बिगाड़ा खेल
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को आगरा एयरफोर्स स्टेशन से एएन-32 विमान ने 16 जवानों के साथ उड़ान भरी थी. सभी जवानों को मलपुरा ड्रॉपिंग जोन में छलांग लगानी थी, लेकिन तेज हवाओं की वजह से एक जवान का पैराशूट हवा में घूमता हुआ ड्रॉपिंग जोन से कई किलोमीटर दूर किरावली क्षेत्र के जखा गांव में पहुंच गया. जवान ने बिजली की हाई टेंशन लाइन को देखकर तुरंत निर्णय लिया और पास के एक खेत में सुरक्षित लैंडिंग की.
मौके पर पहुंचे ग्रामीण
घटना के समय ग्रामीणों ने आसमान में पैराशूट को गोल-गोल घूमते देखा और उसका वीडियो भी बनाया. जब पैराशूट नीचे आने लगा, तो लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और जवान को पैराशूट से बाहर निकाला. ग्रामीणों ने उसे पानी पिलाया और तबियत पूछी. जवान ने अपना नाम आर.एस. रंधावा बताया और कहा कि हवा के दबाव से पैराशूट डिसबैलेंस हो गया था, लेकिन समय रहते निर्णय लेने से वह हादसे से बच गए.
एयर फोर्स को दी गई सूचना
सूचना मिलते ही करावली पुलिस मौके पर पहुंची और वायुसेना को जानकारी दी. कुछ ही देर में वायुसेना की टीम भी पहुंच गई और जवान को अपने साथ एयरबेस ले गई. गौरतलब है कि इससे पहले 6 अप्रैल को एक जवान की ट्रेनिंग के दौरान पैराशूट की रस्सियां उलझ जाने से मृत्यु हो गई थी.