दिल्ली में अब जोमाटो-स्विगी की तरह ट्रैक करें वॉटर टैंकर, घपलेबाजों की शामत
- April 20, 2025
- 0
Last Updated:April 20, 2025, 14:46 IST Delhi Water Tanker News: देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में गर्मियों के सीजन में पानी की कमी हो जाती है.
Last Updated:April 20, 2025, 14:46 IST Delhi Water Tanker News: देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में गर्मियों के सीजन में पानी की कमी हो जाती है.
Last Updated:
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने GPS इनेबल 1111 वॉटर टैंक को हरी झंडी दिखाई है. (फोटो: पीटीआई)
नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार जाने और रेखा गुप्ता की अगुआई में नई सरकार के गठन के बाद कई बदलाव हो रहे हैं. शासन से लेकर प्रशासन तक पर इसका प्रभाव देखा जा रहा है. एयर पॉल्यूशन से निपटने से लेकर करप्शन के खिलाफ तक फैसले लिए जा रहे हैं. रेखा गुप्ता की सरकार ने रविवार को अपने ऐसे ही एक फैसले को जमीन पर उतारा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को बुराड़ी के डीडीए ग्राउंड में 1111 GPS से लैस पानी के टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर वॉटर सप्लाई को पारदर्शी और सुगम बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया. इस अवसर पर दिल्ली सरकार के जल संसाधन मंत्री प्रवेश वर्मा, भाजपा सांसद मनोज तिवारी और प्रवीण खंडेलवाल ने दिल्ली के जल संकट को दूर करने की बात दोहराई.
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस पहल को सरकार के पारदर्शिता मॉडल का हिस्सा बताया. उन्होंने कहा, ‘पहले टैंकर कहां जाते थे, कोई नहीं जानता था. लोग टैंकर माफिया की बात करते थे, क्योंकि टैंकर होटलों या रेस्तरां में पानी बेच देते थे. अब दिल्ली जल बोर्ड का ऐप डाउनलोड कर जनता टैंकरों को ट्रैक कर सकती है. जैसे जोमाटो या स्विग्गी के ड्राइवर को ट्रैक करते हैं.’ उन्होंने डिजिटल इंडिया के 10 साल पूरे होने पर दिल्ली जल बोर्ड को डिजिटल डैशबोर्ड से जोड़ने को उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल की आपदा वाली सरकार ने दिल्ली को कीचड़ में डुबोया, लेकिन हमारी सरकार ने 10 हफ्तों में कमल खिलाने का काम किया.
‘9000 करोड़ का बजट’
प्रवेश वर्मा ने बताया कि हरियाणा से पर्याप्त पानी मिलता है, लेकिन दिल्ली में स्टोरेज क्षमता की कमी थी. अब वजीराबाद बैराज और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स की स्टोरेज क्षमता बढ़ाई जा रही है. वॉटर मैनेजमेंट और कंजर्वेशन पर जोर देते हुए सरकार 9000 करोड़ रुपये के बजट के साथ स्मार्ट मीटर, स्काडा सिस्टम, पाइपलाइन और नालों की सफाई जैसे कार्यों को गति दे रही है. भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि 60 दिनों में सरकार ने आयुष्मान योजना लागू करने और जल संकट पर काबू पाने जैसे बड़े कदम उठाए. उन्होंने कहा, ‘मोदी की गारंटी और गारंटी पूरी होने की गारंटी यही है. गर्मी में पानी की समस्या दूर करने के लिए जीपीएस से लैस टैंकर महत्वपूर्ण कदम है.’ मनोज तिवारी ने जोर देकर कहा कि दिल्ली को पटरी पर लाने के लिए दो साल लग सकते थे, लेकिन 60 दिनों में ही बड़े बदलाव दिख रहे हैं.
क्या है दिल्ली सरकार का लक्ष्य
प्रवीण खंडेलवाल ने बुराड़ी ग्राउंड को उनके संसदीय क्षेत्र का हिस्सा बताते हुए कहा कि टैंकर केवल घरों तक ही पानी नहीं पहुंचाएंगे, बल्कि त्योहारों, जागरणों और शादियों जैसे आयोजनों में भी पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने कहा, ‘हमारे विधायकों को निर्देश हैं कि बिना भेदभाव के हर कोने में टैंकर पहुंचे. टैंकर अंतिम समाधान नहीं, हमारा लक्ष्य हर घर तक नल से पानी पहुंचाना है.’ बता दें कि खासकर गर्मियों के दिनों में वॉटर टैंकर की सप्लाई में जमकर धांधली होती है. कालाबाजारी से जमकर पैसा कूटा जाता है. जीपीएस से लैस होने के बाद इस तरह की अनियमितताओं में कमी आने की उम्मीद है.
