आगराः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज आगरा पहुंच रहे हैं. वह सांसद रामजीलाल सुमन के घर जाएंगे और उनके परिवार के लोगों से मुलाकात करेंगे. रामजीलाल सुमन के घर पर हुए हमले की जानकारी लेने के साथ ही आगे की रणनीति पर बात की जाएगी. इसके बाद अखिलेश यादव एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. हालांकि सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में नजर आ रही है. पीएससी सहित कई थानों का फोर्स, SOG और सर्विलांस की टीम में लगाई गई हैं.
बता दें कि राणा सांगा पर दिए बयान के बाद लगातार रामजीलाल सुमन का विरोध हो रहा है. उसके बाद 14 अप्रैल को फिर से रामजीलाल सुमन ने करणी सेना को चेतावनी देते हुए दो-दो हाथ करने की बात कही थी. जिसके बाद अब अखिलेश यादव आगरा पहुंच रहे हैं, और अब आगे की रणनीति पर बात की जाएगी. हालांकि अखिलेश के पहुंचने से पहले ही रामजीलाल सुमन के घर पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है.