हैदराबाद: शहर में छात्रों के लिए एक ऐसा मंच उपलब्ध होने जा रहा है, जहां उन्हें शिक्षा से जुड़ी हर जानकारी और स्कॉलरशिप मिलने की उम्मीद है. हैदराबाद में होने वाला आगामी एजुकेशन एक्सपो 150 से अधिक शैक्षिक संस्थानों को एक साथ लेकर आ रहा है. इस एक्सपो में छात्रों और अभिभावकों को देश-विदेश के विभिन्न शैक्षिक पाठ्यक्रमों, स्कॉलरशिप और करियर विकल्पों की जानकारी मिलेगी.
एक्सपो का उद्देश्य
इस शिक्षा मेले का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण के विभिन्न अवसरों से जोड़ना है. इसमें इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, आर्ट्स, साइंस, लॉ और वोकेशनल कोर्सेज से जुड़े इंस्टीट्यूट शामिल होंगे. यह छात्रों के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जहां उन्हें संस्थानों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत करने, स्कॉलरशिप और एडमिशन प्रक्रिया की जानकारी, करियर काउंसलिंग और प्लेसमेंट संभावनाओं का विश्लेषण करने का मौका मिलेगा.
शामिल होंगे बड़े संस्थान
एक्सपो में एसएससी, एसबीएसई, आईसीएसई ट्रेनिंग सेंटर, मेडिकल कॉलेज, प्राइवेट यूनिवर्सिटीज़ और विदेशी शिक्षण संस्थान शामिल होंगे. कुछ प्रमुख नामों में हैदराबाद यूनिवर्सिटी, बिट्स पिलानी, डेवलपमेंट सेंटर, स्टैनरी, और बच्चों के लिए 21वीं सदी के डिजिटल क्लास रूम के शिक्षा पवेलियन भी होंगे. इस एक्सपो के आयोजक एजाज अहमद के अनुसार, इस एक्सपो में दस अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे और छात्रों और अभिभावकों को पैनल चर्चा में भाग लेने का मौका मिलेगा. उन्होंने आगे बताया कि इस एजुकेशन एक्सपो में सरकारी संस्थानों को भी बुलाया गया है, जिनमें मदीना स्कूल, विद्यानिकेतन कमारेड्डी, सन जेसेफ जूनियर डिग्री कॉलेज और पीजी कॉलेज का समर्थन भी मिला है.
कब होगा आयोजन
यह एक्सपो 3 और 4 मई को हैदराबाद के मेहंदीपटनम स्थित किंग क्राउन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा, जो सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा. आप इसमें शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, और रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से मुफ्त है.