हैदराबाद: अब हैदराबाद से हरिद्वार, ऋषिकेश और वैष्णोदेवी की आस्था भरी यात्रा आसान हो जाएगी. आपको बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि एक ही ट्रेन से आप इन सभी प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगे. आईआरसीटीसी ने हरिद्वार, ऋषिकेश, माता वैष्णोदेवी, अमृतसर और आनंदपुर की यात्रा के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन की घोषणा की है.
आईआरसीटीसी के अनुसार, यह ट्रेन 23 अप्रैल से शुरू होगी. यह यात्रा 9 रातों और 10 दिनों की होगी, जिसमें प्रमुख धार्मिक स्थल और ऐतिहासिक इमारतों की यात्रा की जाएगी. इस यात्रा में मनसा देवी मंदिर, हर की पौड़ी, राम झूला, लक्ष्मण झूला, आनंद साहिब गुरुद्वारा, नैनी देवी मंदिर, स्वर्ण मंदिर, वाघा बॉर्डर और माता वैष्णोदेवी के मंदिर की यात्रा शामिल होगी.
यह ट्रेन इन प्रमुख स्टेशनों से गुजरेगी
यह ट्रेन आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन से शुरू होगी और फिर गुंटूर, तेलंगाना के नालकोंडा, सिकंदराबाद, काजीपेट, मंचीरियल, सिरपुर, कागजनगर, महाराष्ट्र के बलहारशाह, वर्धा, नागपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरते हुए बोर्डिंग और डिबोर्डिंग की सुविधा प्रदान करेगी.
यात्रा की सुविधाएं
इस यात्रा में यात्रियों को रेल और सड़क परिवहन की सुविधा मिलेगी. ट्रेन के अलावा, आप आईआरसीटीसी के परिवहन से भी यात्रा करेंगे. खाने पीने की सुविधा में सुबह की चाय, नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना शामिल होगा, जो आपको एक वीआईपी होटल जैसी सुविधा का अनुभव देगा. ट्रेन की सुरक्षा को देखते हुए सभी कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहेंगे और रेलवे पुलिस भी तैनात होगी. यात्रा के दौरान आईआरसीटीसी के टूर मैनेजर भी मौजूद रहेंगे. यह यात्रा 23 अप्रैल से शुरू होकर 2 मई तक चलेगी. यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट से टिकट बुक कर सकते हैं.