बुरहानपुर. माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड की ओर से कक्षा दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है. दौलतपुरा क्षेत्र में रहने वाले अधिवक्ता शंकर महाले की बेटी अंशिका महाले ने आदर्श विद्यापीठ स्कूल में कक्षा 12वीं में मैथ्स साइंस विषय में अध्ययन करते हुए 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉप 10 सूची में अपना नाम दर्ज कराया है.
अंशिका का कहना है कि वह रोज 8 घंटे पढ़ाई करती थी और उन्हें उनके माता-पिता का पूरा सहयोग मिलता था. उनके स्कूल के शिक्षक और प्रिंसिपल भी उन्हें हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरित करते थे, जिसकी बदौलत आज उन्होंने यह सफलता हासिल की है.
अंशिका ने बताया अपनी सफलता का राज
लोकल 18 की टीम से बातचीत में अंशिका महाले ने कहा, “मुझे बचपन से ही पढ़ाई में शौक था. मैं हमेशा किताबें पढ़ती रहती थी और मुझे प्रेरणा मेरे माता-पिता से ही मिली. मेरे पिता अधिवक्ता हैं और जो भी पढ़ते थे, मुझे दिखाते थे, जिससे मुझे प्रेरणा मिली. मैंने रोज 7 से 8 घंटे पढ़ाई की और इसके कारण मुझे आज यह सफलता मिली है.” उन्होंने यह भी बताया कि आज उनके घर परिवार के लोग उन्हें बधाई देने के लिए आ रहे हैं और मिठाई खिलाकर उनका उत्सव मना रहे हैं.
आईएएस बनने का सपना
अंशिका का सपना आईएएस बनने का है. उन्होंने कहा, “जो भी प्रतियोगी परीक्षा होती है, मैं उसमें शामिल होती हूं और मुझे उसमें सफलता भी मिल रही है. मेरे माता-पिता भी मुझे यह बनता हुआ देखना चाहते हैं, इसलिए वे मुझे हर संभव मदद करते हैं. मैंने यह मुकाम हासिल किया है, और अब मेरा संकल्प है कि मैं और बड़ा मुकाम हासिल करूंगी.”