लखनऊ : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है. राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर दाखिल याचिका का इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने निपटारा कर दिया है. इस याचिका में राहुल गांधी की नागरिकता को चुनौती दी गई थी. हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता एस विग्नेश शिशिर को यह छूट दी है कि वह अन्य कानूनी वैकल्पिक उपाय अपना सकते हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस अर्जी को निस्तारित किए जाने के पीछे केंद्र सरकार का रुख भी रहा, जिसकी वजह से हाईकोर्ट ने यह फैसला सुनाया.
जस्टिस एआर मसूदी व जस्टिस राजीव सिंह की बेंच ने कहा कि केंद्र सरकार याची की शिकायत को निस्तारित करने की कोई समय सीमा नहीं बता पा रही है. ऐसे में इस याचिका को विचाराधीन रखने का कोई औचित्य नहीं रह जाता. लिहाजा, याची दूसरे वैकल्पिक विधिक उपाय अपनाने के लिए स्वतंत्र है. यह कहते हुए हाईकोर्ट लखनऊ बेंच ने राहुल गांधी की नागरिकता को चुनौती देने वाली याचिका को निस्तारित कर दिया है.