अशोक सिंह भाटी.
अजमेर. राजस्थान बोर्ड की एग्जाम की कॉपी जांच में लापरवाही और गोपनीयता भंग करने के मामले में 4 टीचर्स को सस्पेंड कर दिया गया है. शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी करते हुए अलवर और डीडवाना-कुचामन के इन चार टीचर्स को मुख्यालय पर हाजिरी देने के निर्देश दिए हैं. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इन लापरवाह टीचर्स को पहले ही कॉपी जांचने से डिबार कर दिया था ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा ना हों. शिक्षा निदेशालय बीकानेर के डायरेक्टर आशीष मोदी ने चारों टीचर्स को सस्पेंड करने आदेश जारी किए हैं.
सस्पेंड किए गए टीचर्स में दो अलवर और दो डीडवाना-कुचामन के हैं. यह कार्रवाई राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की अनुशंसा पर की गई है. अलवर और डीडवाना-कुचामन से कॉपी जांचने के दौरान वीडियो और फोटो वायरल हुए थे. उसके बाद माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और शिक्षा विभाग ने इसे गोपनीयता भंग करने और लापरवाही मानते हुए लापरवाह टीचर्स के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था.
इंटर्न को दे दी कॉपियां जांचने के लिए
डायरेक्टर आशीष मोदी के अनुसार माध्यमिक परीक्षा 2025 के गणित विषय की उत्तर-पुस्तिका जांचने की जिम्मेदारी अलवर के राउमावि रेलवे स्टेशन के वरिष्ठ अध्यापक ओमप्रकाश सैनी को जिम्मेदारी दी गई थी. लेकिन उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सुरक्षित और गोपनीय रूप से नहीं किया. उन्होंने कॉपी जांचने के लिए अन्य इंटर्न को दे दी. इंटर्न की ओर से यह कॉपियां छात्रों के सामने खुली छोड़कर चले जाने से उसी स्कूल की हिन्दी साहित्य की व्याख्याता मीनाक्षी अरोड़ा ने उनकी फोटो खींचकर मीडिया में दे दी. इस लापरवाही के कारण मीनाक्षी अरोड़ा और ओमप्रकाश सैनी को तत्काल निलंबित कर दिया गया है.
एक टीचर ने दूसरे टीचर के पिता से चेक करवाई कॉपी
दूसरे मामले में माध्यमिक परीक्षा 2025 के संस्कृत विषय की उत्तर-पुस्तिकाएं जांचने के लिए डीडवाना-कुचामन के राउमावि बागोट के वरिष्ठ अध्यापक भंवरूद्दीन को दी गई थी. उन्होंने अपने साथी प्रदीप कुमार शर्मा का सहयोग लिया. प्रदीप कुमार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निम्बड़ी, मकराना में कार्यरत है. प्रदीप कुमार ने इन कॉपियों की जांच अपने पिता से दुकान में करवाई. वे भी दुकान में गोपनीयता भंग करते हुए नजर आए. इस लापरवाही के कारण भंवरूद्दीन और प्रदीप कुमार शर्मा को तत्काल निलंबित कर दिया गया है.