रोहतासः जिले के बिक्रमगंज और संझौली स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई. रेलवे बोर्ड ने दो अहम एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव इन स्टेशनों पर देने का फैसला किया है. यह ठहराव फिलहाल प्रयोग के तौर पर शुरू किया जा रहा है, लेकिन भविष्य में इसे स्थायी भी किया जा सकता है.
इन ट्रेनों का दिया गया ठहराव
रेल मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, आरा-रांची एक्सप्रेस (18639/18640) अब बिक्रमगंज स्टेशन पर रुकेगी, जबकि पटना-भभुआ रोड इंटरसिटी एक्सप्रेस (13249/13250) संझौली स्टेशन पर ठहरेगी. यह ठहराव जल्द से जल्द किसी सुविधाजनक तिथि से लागू किया जाएगा.
रेलवे बोर्ड ने पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर और दक्षिण पूर्व रेलवे, कोलकाता के महाप्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए. साथ ही, टिकट बिक्री पर भी नजर रखी जाएगी ताकि देखा जा सके कि इस फैसले का कितना फायदा हो रहा है. आदेश में कहा गया है कि इस फैसले की जानकारी स्थानीय लोगों तक बड़े पैमाने पर पहुंचाई जाए और इस पर पूरी तरह अमल किया जाए.
लंबे से हो रही थी मांग
बिक्रमगंज और संझौली के लोग लंबे समय से यह मांग कर रहे थे कि उनके स्टेशन पर भी बड़ी ट्रेनों का ठहराव हो. खासकर छात्रों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को इससे काफी सहूलियत मिलेगी. अब उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए दूर-दराज के स्टेशनों तक नहीं जाना पड़ेगा.
इलाके के लोगों को होगा लाभ
यह फैसला न केवल आम लोगों की यात्रा को पहले से कहीं ज्यादा आसान बनाएगा, बल्कि बिक्रमगंज और संझौली जैसे छोटे इलाकों के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा देगा. ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा.
अगर इन स्टेशनों से यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली और टिकटों की बिक्री संतोषजनक रही, तो रेलवे इस अस्थायी ठहराव को स्थायी रूप से लागू करने पर भी विचार कर सकता है. बता दें कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम बिक्रमगंज में प्रस्तावित है. ऐसे में रेलवे का यह फैसला केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे प्रधानमंत्री के इस अहम दौरे से भी जोड़कर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि क्षेत्र की जनता को यह सौगात उनके स्वागत के रूप में दी गई है, जिससे इलाके की कनेक्टिविटी बेहतर हो और लोगों को सीधा लाभ मिल सके.