रांची. झारखंड की राजधानी रांची में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ का आयोजन किया गया है. इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी शिरकत की. इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ और सरकार ने माना कि गलती हुई है. जब सरकार को अपनी गलती का पता है, तो वह इसे सुधारने के लिए बेहतर कदम क्यों नहीं उठा रही?
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि हमले के 3 दिन पहले ही इंटेलिजेंस रिपोर्ट आई थी, इसलिए मोदी जी कश्मीर नहीं गए और कार्यक्रम रद्द कर दिया. ऑल पार्टी मीटिंग में भी माना गया कि चूक हुई है. लेकिन, अब केंद्र सरकार जिम्मेदारी क्यों नहीं ले रही? हम सरकार का समर्थन करने के लिए तैयार हैं. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कोई कदम उठाती है तो कांग्रेस उसके साथ है. देश सबसे बड़ा है, उसके बाद पार्टी और धर्म आते हैं.
सरकार झुकती है, झुकाने वाला चाहिए: खड़गे
उन्होंने कहा कि हम गांधी के शिष्य हैं. सोनिया जी ने पूरी जिंदगी देश के लिए समर्पित कर दी. हमें देश के लिए अपना काम करना है. वहीं जातीय जनगणना को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जातिगत जनगणना के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने आवाज उठाई है, जो लोग सिर्फ बोलते हैं लेकिन करते कुछ और हैं, उन्हें सुनना चाहिए. जिस काम के लिए हम लड़ते हैं, दिल से लड़ते हैं. मल्लिकार्जुन खड़गे ने ने कहा कि झुकाने वाला चाहिए, सरकार झुकती है. राहुल गांधी ने आपके समर्थन से सरकार को झुकाया. भाजपा और आरएसएस के लोग देश के लिए लड़कर जेल नहीं गए हैं और ये हमें पाठ पढ़ा रहे हैं.
हेमंत सोरेन और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच मुलाकात
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मईया योजना से सभी महिलाएं खुश हैं. संविधान बचाने का काम आपको करना है. अगर संविधान छूटेगा तो गुलामगिरी करना होगा. ये रैली आपके लिए है, देश बचाने के लिए है. आने वाली जनगणना में सरना कोड का कॉलम हो. इस धर्म की रक्षा मोदी नहीं कर सकते. आने वाली जनगणना में सरना को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री से भी बात करूंगा. हमें गरीब, मजदूर, महिलाओं को आपस में नहीं लड़ना है. बता दें, संविधान बचाओ रैली के बाद सीएम हेमंत सोरेन और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच करीब आधे घंटे तक मुलाकात हुई.