February 20, 2026
Trending

पहलगाम हमले 27 से ज्‍यादा की मौत, श्रीनगर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह

  • April 22, 2025
  • 0

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में टूरिस्‍ट पर हुए आतंकी हमले में 27 से ज्‍यादा लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है. मरने

पहलगाम हमले 27 से ज्‍यादा की मौत, श्रीनगर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में टूरिस्‍ट पर हुए आतंकी हमले में 27 से ज्‍यादा लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है. मरने वालों में दो विदेशी भी शामिल हैं. एक शख्‍स इजरायल और एक इटली का रहने वाला है. गृह मंत्री अमित शाह इस वक्‍त श्रीनगर पहुंच चुके हैं. बताया जा रहा है कि कुल चार आतंकियों ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिसमें से तीन पाकिस्‍तानी और एक लोकल कश्‍मीरी है. कांग्रेस पार्टी ने सरकार से कहा कि वो उनके साथ हैं. आतंकियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए.

Yashoraj IT Solutions

जब दोपहर को यह वारदात हुई तब सैलानी वहां घुड़सवारी कर रहे थे. तभी आतंकी वहां पहुंचे और उन्‍होंने पंजाबी में टूरिस्‍ट से उनका मजहब पूछा. पहचान स्‍थापित होने के बाद लोगों को मौत के घाट उतारा गया. इस दौरान करीब 50 राउड फायरिंग की गई. अमेरिका के राष्‍ट्रपति जेडी वैंस ने पहलगाम अटैक पर दुख जताया.

सूत्रों के मुताबिक मरने वालों में अधिकांश पुरुष हैं. मंगलवार दोपहर आतंकवादियों ने पर्यटकों पर बड़ा हमला कर दिया. पर्यटकों का नाम पूछ-पूछकर आतंकियों ने उनपर गोली चलाई. अनंतनाग जिले के बैसरन घाटी के ऊपरी इलाकों में टूरिस्‍ट घूम रहे थे, तभी अचानक उनपर गोलीबारी कर दी गई. पीएम नरेंद्र मोदी इस वक्‍त सउदी अरब में हैं. पीएम ने सउदी से गृह मंत्री अमित शाह को फोन मिलाया और तुरंत पहलगाम जाने का निदेश दिया.

गृह मंत्री पहलगाम के लिए दिल्‍ली से निकल चुके हैं. इससे पहले अमित शाह आईबी चीफ, जम्‍मू-कश्‍मीर के डीजी और सेना व सीआरपीएफ के आला अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग भी की. पीएम मोदी इस मीटिंग में वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग से उपलब्‍ध रहे. जम्‍मू-कश्‍मीर के सीएम उमर अब्‍दुल्‍ला भी इस घटना को लेकर काफी गंभीर हैं. वो तुरंत ही पहलगाम के लिए निकल रहे हैं. गृह मंत्री अमित शाह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक हाई-लेवल मीटिंग बुलाई है. बताया जा रहा है कि इस मीटिंग में सेना, सीआरपीएफ और जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस के अलावा अधिकारी सहित जम्‍मू-कश्‍मीर के उपराज्‍यपाल मनोज कुमार सिन्‍हा वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के जरिए मौजूद रहे. खुफिया सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक आतंकी टूरिस्ट के बड़े ग्रुप को टारगेट करने की फिराक में थे. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आतंकी फरार हो गए. सुनियोजित तरीके से टूरिस्‍ट को निशाना बनाया गया. गर्मियों के इस सीजन में घाटी में टूरिस्‍ट की संख्‍या काफी ज्‍यादा बढ़ जाती है. टूरिस्‍ट को निशाना बनाकर आतंकी जम्‍मू-कश्‍मीर में सैलानियों के प्रवेश को रोकना चाहते हैं.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: बाहरी ने पहलगाम के गुनहगार? किसी को नहीं आती थी कश्‍मीरी! पंजाबी में कर रहे थे बात

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: सूत्रों के हवाले से यह खबर सामने आ रही है कि जम्‍मू-कश्‍मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दौरान जिन लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया वो पाकिस्‍तान के थे. दावा किया जा रहा है कि चार में से तीन पाकिस्‍तान और एक कश्‍मीरी था. ये लोग पंजाबी में बात कर रहे थे. उन्‍हें कश्‍मीरी नहीं आती थी.

आपका धर्म क्या है? पहलगाम आतंकी हमले पर बोले बंगाल बीजेपी के नेता सुवेन्दु अधिकारी

बंगाल बीजेपी के नेता सुवेन्दु अधिकारी ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा कि केवल एक प्रश्न पूछा गया – आपका धर्म क्या है? एक बार हिंदू होने की पुष्टि होने के बाद पहलगाम कश्मीर में पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की गई. मेरी संवेदनाएं उन हिंदू पीड़ितों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई, मेरे हिंदू भाई-बहन जो गोली लगने से घायल हुए और शोक संतप्त और सदमे में आए परिवार के सदस्यों के साथ हैं. हिंदू हिंदू भाई भाई ओम शांति.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: शब्द आज नपुंसक हैं… पहलगाम में टूरिस्‍ट पर हमले के बाद अभिनेता अनुपम खेर ने दिया रिएक्‍शन

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: सीनियर एक्‍टर अनुपम खेर ने पहलगाम आतंकी हमले पर अपना रिएक्‍शन दिया। उन्‍होंने कहा, ‘ग़लत …  ग़लत… ग़लत !!! पहलगाम हत्याकांड!! शब्द आज नपुंसक हैं!!  #Pahalgam’  इस हमले में अबतक 27 लोगों की मौत की जानकारी सामने आ रही है.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: दिल्‍ली के बाद मुंबई में भी हाई-अलर्ट, चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पहलगाम हमले के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट पर है. सभी डीसीपी और अन्‍य सीनियर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस की गश्‍त को बढ़ा दिया गया है. किसी भी संदिग्‍ध व्‍यक्ति से पूछताछ की जा रही है.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: पहलगाम आतंकी हमले के बीच अमृतसर में बीएसएफ का बड़ा एक्‍शन, हथियार-ड्रग्‍स बरामद

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पहलगाम आतंकी हमले के बीच बीएसएफ ने पंजाब के अमृतसर इंटरनेशनल बॉर्डर पर हथियार-गोला-बारूद, विस्फोटक और हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की बीएसएफ जवानों ने आज अमृतसर के बॉर्डर एरिया पर हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक, हथगोले और सहायक उपकरण व भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया. आज, बीएसएफ खुफिया विंग की सटीक सूचना के आधार पर, संदिग्ध क्षेत्र में बीएसएफ जवानों द्वारा गहन तलाशी अभियान चलाया और अथक प्रयासों से जवानों ने अमृतसर जिले के भल्लरवाल गांव के पास एक खेत से दो बड़े पैकेट सफलतापूर्वक बरामद किए. पैकेट खोलने पर 02 पिस्तौल, 04 मैगजीन, 50 जिंदा राउंड, सहायक उपकरण सहित 02 हथगोले, आईईडी घटकों सहित विस्फोटक सामग्री, 01 रिमोट डिवाइस, 02 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और संदिग्ध हेरोइन के 08 छोटे पैकेट (लगभग वजन – 7.7 किलोग्राम) बरामद किए गए.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: हम जैसे ही कार में सवार हुए… किस्‍मत वाला निकला नागपुर का यह कपल, बाल-बाल बची पहलगाम हमले में जान

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के समय घटनास्थल पर मौजूद महाराष्ट्र के नागपुर से आए एक पर्यटक जोड़े ने बताया, “यह घटना तब हुई जब हम घटनास्थल से निकले ही थे. हम काफी देर तक गोलीबारी की आवाज सुनते रहे. हर कोई वहां से भागने की कोशिश कर रहा था. हमने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा क्योंकि हम बस वहां से भागना चाहते थे.”

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: देश की एकता व अखंडता पर प्रहा… पहलगाम आतंकी हमले पर आरएसएस से भी आया रिएक्‍शन, क्‍या बोले दत्तात्रेय होसबाले?

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: RSS के दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ नृशंस आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय एवं संतापजनक है. हम घटना में मृत हुए सभी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं. यह हमला देश की एकता व अखंडता पर प्रहार करने का दुःसाहस है. सभी राजनीतिक दल व संस्थाओं को सारे मतभेदों से ऊपर उठकर इसकी भर्त्सना करनी चाहिए. सरकार सभी पीड़ितों व उनके परिवारों की सहायता की आवश्यक व्यवस्था करे. और सरकार इस हमले के लिए ज़िम्मेदार लोगों को दंडित करने हेतु शीघ्र ही उचित कदम उठाए.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: बंकर में दुबकी पाकिस्‍तान की सेना… पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के हमले का सताने लगा डर

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पाकिस्‍तान की सेना पहलगाम हमले के बाद बंकर में जाकर दुबक गई है. पाकिस्तान को इस बात का डर था कि अगर कोई भी हमला होता है उसका पलटवार जरूर होगा. लिहाजा पहलगाम हमले के बाद से पीओके में सन्नाटा पसर गया है. पाक फौज अपने पोस्ट को छोड़ अपने बंकरों में दुबक गई है. अब पोस्ट पर तैनात रहने वाले पाक सैनिक दिखाई नहीं दे रहे है. LOC पर भारतीय सेना ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है.

 

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: पहलगाम अटैक के बाद दिल्‍लाी में हाई अलर्ट, चप्‍पे-चप्‍पे पर तैनात हुई पुलिस

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: जम्‍मू-कश्‍मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरा देश स्‍तब्‍ध है. इसी बीच देश की राजाधानी दिल्‍ली में भी इस वक्‍त हाई-अलर्ट घोषित कर दिया गया है. चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस की तैनाती कई गई है. सड़कों पर भी पुलिस की मौजूदगी को बढ़ा दिया गया है.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: अमेरिका के उपराष्‍ट्रपति जेडी वैंस का भी आया पहलगाम आतंकी हमले पर रिएक्‍शन, बोले- मैं और मेरी पत्‍नी…

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: अमेरिका के उपराष्‍ट्रपति जेडी वैंस इस वक्‍त भारत में हैं। उन्‍होंने जम्‍मू-कश्‍मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर कहा  कि उषा (पत्‍नी) और मैं भारत के पहलगाम में हुए विनाशकारी आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं. पिछले कुछ दिनों में, हम इस देश और इसके लोगों की खूबसूरती से अभिभूत हो गए हैं. इस भयानक हमले में हमारे विचार और प्रार्थनाएँ उनके साथ हैं.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: गुजरात के भावनगर से 20 लोग गए घुमने, तभी पहलगाम में हुई फायरिंग, डीआईजी ने बताया पूरा सच

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर गुजरात के भावनगर के डीआईजी गौतम एम. परमार ने कहा, “भावनगर के रहने वाले विनोदभाई डाभी जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले में घायल हो गए हैं…उन्हें अनंतनाग के सरकारी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है…हमारे पास जो जानकारी है उसके अनुसार भावनगर से 20 लोग वहां घूमने गए थे। मौके पर मौजूद लोगों के नाम पता करने के बाद ही हम कुछ कह सकते हैं, हम स्थानीय जम्मू-कश्मीर पुलिस के संपर्क में हैं। कुछ समय बाद हमें और जानकारी मिलेगी…”

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: सेना जैसी वर्दी में थे आतंकी, मजब चेक करने के लिए टूरिस्‍ट के कपड़े भी उतरवाए, सूत्रों के हवाले से दावा

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पहलगाम के बैसारा इलाके में पर्यटक टट्टू की सवारी का आनंद ले रहे थे, कुछ लोग नाश्ता कर रहे थे, तभी सेना की वर्दी पहने चार भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने उन्हें रोक लिया. सेना की वर्दी पहने तीन से चार अन्य आतंकवादी पास ही एक जगह पर खड़े थे. एक आतंकवादी ने एक जोड़े के पास जाकर उनसे पूछा कि वे मुसलमान हैं या हिंदू, जब उनसे पूछा गया कि वे हिंदू हैं, तो आतंकवादी ने उन्हें गोली मार दी. आतंकवादियों ने पुरुषों से कलमा पढ़ने को भी कहा और जब उन्होंने ऐसा नहीं किया, तो उन्हें गोली मार दी गई. आतंकवादी यहीं नहीं रुके, उन्होंने खतना की जांच के लिए कुछ पर्यटकों के कपड़े उतार दिए और जो नहीं थे, उन्हें गोली मार दी. मारे गए लोगों में से अधिकांश पुरुष बताए जा रहे हैं, जबकि महिला सदस्य अपने पुरुष सदस्यों को गोली मारे जाने के डर से खड़ी थीं. पर्यटकों को शुरू में पता ही नहीं चला कि क्या हो रहा है. पुलिस को संदेह है कि कुछ स्थानीय लोगों ने हमले को अंजाम देने में आतंकवादियों का साथ दिया होगा. मोबाइल डंप डेटा की जांच की जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि बातचीत के लिए एन्क्रिप्टेड ऐप का इस्तेमाल किया गया था. सुरक्षा एजेंसियों का मानना ​​है कि आतंकवादियों का यह समूह वही है जो डोडा किश्तवाड़ क्षेत्र में सक्रिय रहा है.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: सरकार रणनीति बनाएं विपक्ष साथ… पहलगाम आतंकी हमले पर बोले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पहलगाम आतंकी हमले पर पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार को खुला समर्थन दिया है. उन्‍होंने कहा कि ऐसे कायराना हमले से निपटने के लिए सरकार रणनीति बनाएं, विपक्ष पूरी तरह से साथ है. आज दोपहर पहलगाम में टूरिस्‍ट को निशाना बनाया गया है.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: तुरंत कारवाई कर सख्त संदेश दें… जम्‍मू-कश्‍मीर में टूरिस्‍ट पर हुए हमले को लेकर बोले लालू प्रसाद यादव

Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पहलगाम आतंकी हमले पर लालू प्रसाद यादव ने कहा निर्दोष और निहत्थे पर्यटकों पर बर्बर आतंकी कारवाई से पूरा देश आहत है. ईश्वर से करबद्ध प्रार्थना है कि दुःख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिजनों को संबल दे. केंद्र सरकार से आग्रह करूंगा कि त्वरित कारवाई करते हुए एक सख्त संदेश दें ताकि भविष्य में किसी भी भारतीय नागरिक की जान बर्बर हिंसा की भेंट न चढ़े.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: महाराष्‍ट्र के दो टूरिस्‍ट की जान गई… पहलगाम हमले पर सीएम देवेंद्र फडणवीस का भी आया बयान, क्‍या बोले?

Kashmir Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पहलगाम आतंकी हमले पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “हम इस हमले की निंदा करते हैं… यह हमला जम्मू-कश्मीर के विकास की यात्रा को रोकने का प्रयास था… हमारे प्रधानमंत्री ने इसका संज्ञान लिया है. गृह मंत्री अमित शाह वहां पहुंच रहे हैं, और सख्त कार्रवाई की जाएगी. मैं वहां के प्रशासन के संपर्क में भी हूं. आतंकी हमले में महाराष्ट्र के दो लोगों की जान चली गई है.”

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: अमित मालवीय ने पहलगाम हमले को मुर्शिदाबाद से जोड़ा, बोले- ममता राजनीतिक भाग्‍य को सुरक्षित करने के लिए…

Kashmir Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कहा कश्मीर में जो हुआ, वह निस्संदेह दुखद है. हालाँकि, पश्चिम बंगाल में स्थिति उतनी ही भयावह है – यदि उससे भी अधिक नहीं. आप, ममता बनर्जी, अपने राजनीतिक भाग्य को सुरक्षित रखने के लिए जनसांख्यिकीय बदलाव की योजना बना रही हैं. मुर्शिदाबाद की घटनाएँ सतह के नीचे बढ़ती सांप्रदायिक अशांति का एक स्पष्ट प्रतिबिंब हैं. इसलिए, कृपया अपने भीतर देखें. मुर्शिदाबाद जाएँ. आप अभी भी मुख्यमंत्री हैं.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: तुमने मेरे पति को मार दिया, मुझे भी मार दो… पहलगाम आतंकी हमले की विधवा ने आतंकी से कहा, दहशतगर्द बोला- मोदी से कहो…

Kashmir Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पहलगाम आतंकी हमले में अपने पति को खोने वाली शिवमोगा की महिला पल्लवी ने सीएनएन न्‍यूज18 को बताया कि मेरे पति मंजूनाथ को मौत के घाट उतार दिया गया. मैं और मेरा बेटा बिल्कुल ठीक हैं. लेकिन हमने अपनी आंखों के सामने अपने पति को खो दिया. किसी ने दूर से मेरे पति को गोली मार दी. जब मैं और मेरा बेटा मौके पर पहुंचे, तो वे पहले ही मर चुके थे. उस आतंकवादी के पास एक बड़ी बंदूक थी और वह हमारे पास ही था. मैंने आतंकवादी पर चिल्लाते हुए कहा, ‘तुमने मेरे पति को मार दिया है, मुझे भी मार दो, बेटे ने यह भी कहा कि चूंकि उसके पिता को गोली लगी है, ‘मेरे भी मारो’. आतंकवादी ने कहा ‘मोदी को बताओ’ और चला गया. वह मारना चाहता था, लेकिन उसने हमें नहीं मारा. वास्तव में, मेरे अनुसार, उन्होंने केवल पुरुषों को ही निशाना बनाया है. क्योंकि कोई महिला घायल नहीं हुई. अगर उन्हें चोट लगी है, तो यह गलती से हुआ. लेकिन मुख्य रूप से उन्होंने पुरुषों को ही निशाना बनाया है. हम में से केवल 3 लोग ही कश्मीर आए.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: लोकसभा स्‍पीकर ओम बिरला ने पहलगाम आतंकी हमले पर जताया दुख

Kashmir Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: लोकसभा स्‍पीकर ओम बिरला ने टूरिस्‍ट पर हमले पर कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर आतंकियों का कायराना हमला अत्यंत निंदनीय और दुःखद है. मेरी संवेदनाएं इस हमले में जान गंवाने वाले नागरिकों के परिजनों के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति, तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: पहलगाम में टूरिस्‍ट पर हुए हमले के बाद डोडा-भलेसा की मजिस्‍दों से हुआ बड़ा ऐलान, क्‍या बोले मौलाना?

Kashmir Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: पहलगाम आतंकी हमले के बाद पूरा देश गुस्‍से में है. इसी बीच जम्‍मू-कश्‍मीर के डोडा और भलेसा में मस्जिदों से मौलानाओं की तरफ से बड़ा ऐलान किया गया. उन्‍होंने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि इस तरह की वारदात इंसानियत के खिलाफ है.

पहलगाम आतंकी हमला लाइव अपडेट्स: चार आतंकियों ने दिया पहलगाम आतंकी हमले को अंजाम, पाकिस्‍तान से आए तीन दहशतगर्द

Kashmir Pahalgam Terrorist Attack Live Updates: सूत्रों के हवाले से यह खबर सामने आ रही है कि पहलगाम आतंकी हमले को चार आतंकियों ने अंजमा दिया। इनमें से तीन आतंकी पाकिस्‍तान के बताए जा रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि एक आतंकी लोकल कश्‍मीरी भी है, जिसकी मदद से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया. उन्‍होंने एम4 बुलेट की मदद से वारदात को अंजाम दिया। बुलेट के खोखे सेना को मौके पर मिले हैं.

source

Dental CLinic Pro
yashoraj infosys : best web design company in patna bihar
yashoraj infosys : best web design company in patna bihar