उदयपुर. जुलाई माह में दिल्ली के सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर होने वाले नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के चलते उदयपुर से दिल्ली के बीच रेल सेवाएं आंशिक रूप से बाधित रहेंगी. इस कारण कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, वहीं कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द कर वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा. उत्तर पश्चिम रेलवे ने इस संबंध में ट्रेनों के संचालन में बदलाव की जानकारी दी है.
रेलवे प्रशासन के अनुसार, दिल्ली मंडल के सराय रोहिल्ला स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और ट्रैक के मरम्मत कार्य किए जाएंगे. इस कार्य के चलते ट्रेनों के समय और मार्गों में बदलाव किया गया है ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो.हालांकि यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेना आवश्यक होगा.
हमसफर एक्सप्रेस रहेगी रद्द
उदयपुर सिटी और दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच चलने वाली लोकप्रिय हमसफर एक्सप्रेस को 27 जुलाई को दोनों दिशाओं से रद्द किया गया है. ट्रेन संख्या-22985 (उदयपुर सिटी से सराय रोहिल्ला) और ट्रेन संख्या-22986 (सराय रोहिल्ला से उदयपुर सिटी) उस दिन संचालित नहीं होंगी. यह ट्रेन नियमित रूप से सप्ताह में दो बार चलती है और बड़ी संख्या में यात्रियों की पहली पसंद होती है. इसके रद्द होने से उदयपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी पड़ेगी.
अन्य ट्रेनें भी होंगी प्रभावित
रेलवे प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमसफर एक्सप्रेस के अतिरिक्त भी कुछ अन्य ट्रेनें इस कार्य के दौरान आंशिक रूप से रद्द या डायवर्ट की जा सकती हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से जानकारी प्राप्त कर लें. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य रेल यातायात की सुरक्षा और भविष्य में बेहतर संचालन के लिए अत्यंत आवश्यक है. नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के पूरा होने के बाद यात्रियों को तेज, सुरक्षित और समय पर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
रेलवे ने यात्रियों से की यह अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि असुविधा के लिए खेद है, लेकिन यह कार्य यात्रियों की सुविधा और संरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा योजनाएं संशोधित करें और संबंधित जानकारी समय पर प्राप्त करें.