रायपुर. शहर में किचन गार्डनिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है. लोग अब घर के आंगन या गमले में ऐसे पौधे लगाना पसंद कर रहे हैं, जिनसे न केवल हरियाली और ताजगी बनी रहे, बल्कि रसोई की जरूरतें भी पूरी हो जाएं. गार्डनिंग एक्सपर्ट राजेश ध्रुव के अनुसार, आमतौर पर लोग किचन गार्डन में तेज पत्ता लगाते हैं. तेज पत्ते का पौधा गमले में 6 फीट तक की ऊंचाई पा सकता है और इसके लिए ज्यादा खाद या दवाइयों की आवश्यकता भी नहीं होती. बस लगाते समय काली मिट्टी में गोबर खाद, वर्मी कम्पोस्ट, नीम खली और सरसों खली डाल दी जाए तो पौधा आसानी से तैयार हो जाता है. तेज पत्ता हरा रहने पर भी सब्जियों में इस्तेमाल किया जा सकता है, इसलिए इसे रसोई की अहम जरूरत माना जाता है.
हालांकि, गार्डनिंग के शौकीनों के बीच अब एक और पौधा काफी लोकप्रिय हो रहा है. इसका नाम है ऑल स्पाइस. यह पौधा खास इसलिए है क्योंकि इसमें एक ही साथ 4 से 5 मसालों का फ्लेवर मौजूद होता है. एक्सपर्ट राजेश ध्रुव बताते हैं कि ऑल स्पाइस की पत्तियों और खुशबू में दालचीनी, तेज पत्ता, काली मिर्च और लौंग जैसे मसालों का स्वाद और सुगंध मिल जाता है. यही वजह है कि कई लोग अब पारंपरिक तेजपत्ता पौधे की बजाय ऑल स्पाइस को प्राथमिकता दे रहे हैं.
इस पौधे की देखभाल भी बिल्कुल तेजपत्ता जैसी ही होती है. इसे घर के गमले में आसानी से लगाया जा सकता है. अच्छी रोशनी और नियमित पानी देने पर यह पौधा तेजी से बढ़ता है और लंबे समय तक हरा-भरा रहता है. खास बात यह है कि इसके लिए किसी तरह के अतिरिक्त केमिकल खाद या कीटनाशक की जरूरत नहीं होती. प्राकृतिक तरीके से तैयार किया गया पौधा लंबे समय तक स्वस्थ बना रहता है.
राजधानी रायपुर के गीता नर्सरी में यह पौधा लगभग 150 रुपए में उपलब्ध है. स्थानीय स्तर पर इसकी डिमांड लगातार बढ़ रही है. गार्डनिंग एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले समय में यह पौधा हर किचन गार्डन का हिस्सा बन सकता है, क्योंकि यह एक ही पौधे में कई मसालों का ऑप्शन प्रदान करता है.