इस्लामाबादः भारत की तीनों सेनाओं ने मिलकर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत और पीओके में मिसाइल से हमला कर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया. इस हमले में कई आतंकी मारे गए हैं. हमले के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं. इस बीच एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसपर खूब चर्चा हो रही है. एक तरफ जहां भारत ने यह स्पष्ट रूप से कहा है कि इस एयर स्ट्राइक में केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है. वहीं पाकिस्तान एक अलग ही दावा कर रहा है. पाकिस्तान ने दावा किया है कि पाक सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल जहीर अब्बास तुरी के सात वर्षीय बेटे इरतजा अब्बास तुरी की पीओके के दवारंडी में भारतीय सेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक में मौत हो गई. पाकिस्तान इस तस्वीर के जरिए दुनिया भर में भारत के खिलाफ प्रोपगेंडा फैलाने की कोशिश कर रहा है.
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इरतजा अब्बास तुरी की जनाजे की नमाज बुधवार को इस्लामाबाद में पढ़ी गई. अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार, रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ, सूचना मंत्री, सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर, नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीद अशरफ, तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी, सरकारी एवं असैन्य अधिकारी, सैनिक और शहीद के रिश्तेदार शामिल हुए. जनाजे की नमाज के बाद प्रधानमंत्री ने भारत की अकारण आक्रामकता की निंदा करते हुए कहा कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित निर्दोष नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाना कायरतापूर्ण निंदनीय कृत्य है.
बता दें कि बीते बुधवार की रात को 1 बजकर 5 मिनट पर भारतीय सेना ने एयर स्ट्राइक की. इसमें 9 जगहों पर कुल 21 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल गिराई गई. इस हमले में खूंखार आतंकी मसूज अजहर के 14 रिश्तेदार मारे गए, जिसमें उसकी बहन-जीजा सहित अन्य लोग शामिल हैं.