नई दिल्ली. ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा कदम उठाया है. वह आदमपुर एयर बेस पहुंचकर बहादुर जवानों से मुलाकात की है. पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों को मिट्टी में मिलाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद जवानों के बीच पहुंचे. उन्होंने एयरफोर्स के आला अधिकारियों से मुलाकात कर मौजुदा स्थिति पर विचार विमर्श किया. खास बात यह है कि पीएम मोदी ने एयरफोर्स के बहादुर जवानों से भी मुलाकात की है. आदमपुर एयरबेस पर खुद जाकर पीएम मोदी ने पाकिस्तान के साथ ही पूरी दुनिया को भी मजबूत और फौलादी संदेश दिया है. मैसेज साफ है- पूरा देश जवानों के साथ है और किसी ने भी भारत की तरफ आंख उठाकर देखने का जुर्रत की तो उन्हें मिट्टी में मिला दिया जाएगा.
बता दें कि आदमपुर एयरबेस भारत का दूसरा सबसे बड़ा एयरफोर्स बेस है. पहलगाम टेररिस्ट अटैक के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के दौरान आदमपुर एयरबेस सुर्खियों में रहा. पाकिस्तान की तरफ से आदमपुर एयरबेस पर एरियल अटैक करने की कोशिश की गई. इंडियन एयरफोर्स ने इसका माकूल जवाब देते हुए हर हमले को नाकाम कर दिया था. 10 मई 2025 को पाकिस्तान द्वारा इस एयरबेस पर ड्रोन और मिसाइल से हमले किए गए थे. इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए और गहरी चोट पहुंचाई. बता दें कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में स्थित आतंकी शिविरों को निशाना बनाया था, लेकिन पड़ोसी देश की सेना ने इंडियन डिफेंस बेस को निशाना बनाना शुरू किया था. भारत ने ऐसा जवाब दिया कि आतंकियों का पनाहगाह देश घुटनों पर आ गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मई 2025 को आदमपुर एयरबेस पहुंचकर जवानों से मुलाकात की है.
दुश्मनों को सीधा पैगाम
पीएम मोदी मंगलवार सुबह आदमपुर एयरबेस पहुंचे. बताया जा रहा है कि इंडियन एयरफोर्स के अधिकारियों ने उन्हें ब्रीफ किया और महत्वूर्ण जानकारियां दी हैं. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरबेस में मौजूद जवानों से भी मुलाकात की और उनके साथ कुछ बेशकीमती पल बिताए. पीएम मोदी के आदमपुर एयरबेस दौरे को कतई सामान्य नहीं कहा जा सकता है. कुछ दिनों पहले ही पाकिस्तानी सेना ने आदमपुर एयरबेस को निशाना बनाने की कोशिश की थी. इसके बाद इंडियन एयरफोर्स ने स्ट्राइक करते हुए पड़ोसी देश के कई एयरबेस को तबाह कर दिया था. इसके बाद पाकिस्तान घुटनों पर आते हुए सीजफायर की अपील करने लगा. अब पीएम मोदी उसी आदमपुर एयरबेस में पहुंचकर दुश्मनों को सीधा और सख्त पैगाम दिया है. दौरे का संदेश यह है कि पूरा भारत देश जवानों और अपने आर्म्ड फोर्सेज के साथ है. किसी भी तरह की गुस्ताखी का माकूल जवाब दिया जाएगा.
भारत का स्टैंड क्लियर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार 12 मई 2025 को राष्ट्र को संबोधित किया था. इसमें पीएम मोदी ने स्पष्ट कर दिया था कि ऑपरेशन सिंदूर फिलहाल स्थगित हुआ है, खत्म नहीं. साथ ही उन्होंने कहा था कि अब पीओके और आतंकवाद पर ही बात होगी. बता दें कि पहलगाम में निर्दोष हिन्दू पर्यटकों का नरसंहार किया गया था. इसके बाद भारत ने स्पष्ट कर दिया था कि इसके कर्ताधर्ताओं को मिट्टी में मिला दिया जाएगा. इसके बाद वह रात आई जिसे पाकिस्तान कभी नहीं भूल पाएगा. इंडियन एयरफोर्स ने एक साथ पाकिस्तान में कई जगहों पर एयर स्ट्राइक कर आतंकवादी शिविरों को नेस्तनाबूद कर दिया था.